रांची क्राइम: बेहोशी का फायदा उठाकर लूट, पुलिस ने 3 बदमाशों को पकड़ा

 S23 Ultra और स्कूटी चोरी का बड़ा केस सुलझा, रांची पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सृष्टि न्यूज झारखंड 

रांची :- रांची में एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद सड़क किनारे बैठे युवक की स्कूटी और महंगा मोबाइल चोरी कर लिया गया. हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

घटना 22 मार्च की रात करीब 10:30 बजे की है. रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के रहने वाले 25 वर्षीय निशांत एक्का अपनी सुजुकी एक्सेस 125 स्कूटी से सतरंजी बाजार से लोवाडीह, नामकुम की ओर अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे. इसी दौरान निफ्ट कॉलेज और मौलाना अब्दुल कलाम चौक के बीच उन्हें अचानक चक्कर आने लगा. हालत बिगड़ने पर उन्होंने स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर दी और वहीं बैठ गए. कुछ ही देर में उनकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया.

करीब दो घंटे बाद जब स्थानीय लोगों ने उन्हें संभाला, तो होश आने पर उन्होंने देखा कि उनकी स्कूटी और जेब में रखा Samsung S23 Ultra मोबाइल फोन गायब है. आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि तीन युवक एक स्कूटी पर आए थे और मौके से सामान लेकर फरार हो गए.

इस संबंध में जगरनाथपुर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपी हर्ष कुमार, प्रतीक कुमार और शिवम कुमार को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई स्कूटी, Samsung S23 Ultra मोबाइल और घटना में प्रयुक्त एक अन्य स्कूटी भी बरामद की है. चोरी की गई स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे छिपाने की कोशिश की गई थी. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

खबर - कुश कुमार.......

और नया पुराने