डाल्टनगंज में NEET पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त, डाल्टनगंज में NEET पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन


नंदन कुमार / सृष्टि न्यूज झारखंड 

सृष्टि न्यूज झारखंड:- डाल्टनगंज पलामू जिला मुख्यालय के छहमुहान चौक पर शुक्रवार को NEET पेपर लीक मामले के विरोध में छात्रों और युवाओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और परीक्षा प्रणाली को भ्रष्टाचार व पेपर लीक से मुक्त बनाने की मांग उठाई। इस दौरान छात्रों ने कहा कि उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अपनी मांगों को स्पष्ट रूप से रखा। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लाखों छात्र वर्षों की मेहनत और कठिन तैयारी के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत, विश्वास और भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर होगा।

प्रदर्शन के अंत में छात्रों ने सरकार से परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने और छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई आवश्यक है।

और नया पुराने