डंडई प्रखंड कार्यालय परिसर में पेयजल और शौचालय की सुविधा नहीं, ग्रामीण परेशान

 डंडई प्रखंड कार्यालय परिसर में पेयजल और शौचालय की सुविधा नहीं, ग्रामीण परेशान


सृष्टि न्यूज झारखंड /  नंदन कुमार 


सृष्टि न्यूज झारखंड :- डंडई  (गढ़वा) प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए पहुंचने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक ही परिसर में प्रखंड सह अंचल कार्यालय, पशुपालन चिकित्सा कार्यालय, मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र, आरोग्य आयुष्मान मंदिर समेत कई सरकारी कार्यालय संचालित हैं। इसके बावजूद परिसर में न तो सार्वजनिक पेयजल की समुचित व्यवस्था है और न ही सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध है।

बताया जाता है कि करीब एक वर्ष पूर्व 15वें वित्त आयोग की राशि से परिसर में जल मीनार का निर्माण कराया गया था। लेकिन वर्तमान में जल मीनार खराब पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पानी की कमी के कारण इसका संचालन बंद है। वहीं, जल मीनार से जुड़े कई नल भी टूट चुके हैं। ऐसे में प्रखंड कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।

प्रखंड के विभिन्न गांवों से ग्रामीण जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, पेंशन, राशन कार्ड और जमीन संबंधी कार्यों समेत अन्य सरकारी काम कराने पहुंचते हैं। कई ग्रामीण लंबी दूरी तय कर कार्यालय आते हैं और काम पूरा होने तक घंटों परिसर में रहते हैं। पेयजल की सुविधा नहीं होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष परेशानी होती है।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र के नियमित रूप से नहीं खुलने की भी शिकायत की है। उनका कहना है कि दूर-दराज से आने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए यह केंद्र काफी उपयोगी है। इसके नियमित संचालन की मांग की गई है।

वहीं, परिसर में सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से भी लोगों की परेशानी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी पेयजल व्यवस्था और सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग की है।

15वें वित्त आयोग से संबंधित कनीय अभियंता जितेंद्र गंजू ने बताया कि पानी कम होने के कारण जल मीनार फिलहाल बंद है। टूटे नलों और जल मीनार को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि लोगों को पेयजल की सुविधा मिल सके।

और नया पुराने