सचिन कुमार साह मौत मामले में बड़ा खुलासा, शव को बालू में दफनाकर छिपाया गया था राज

  कोयल नदी में मिले युवक के शव मामले का खुलासा, करंट लगने से हुई थी मौत दो आरोपी गिरफ्तार


नंदन कुमार / सृष्टि न्यूज झारखंड 

सृष्टि न्यूज झारखंड:- पलामू पुलिस ने उंटारी रोड थाना कांड संख्या-37/2026 का सफल उद्भेदन करते हुए हत्या एवं साक्ष्य छिपाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को उंटारी रोड थाना क्षेत्र के ग्राम शेखडीहा, सतबहिनी पंचायत स्थित कोयल नदी के बालू में एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान सचिन कुमार साह के रूप में हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच शुरू की।

अनुसंधान के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान में खुलासा हुआ कि 14 जुलाई 2026 की रात अवैध रूप से बिछाए गए लगभग 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से सचिन कुमार साह की मौत हो गई थी। घटना के बाद मामले को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को कोयल नदी के बालू में दफना दिया तथा घटनास्थल पर बिछाए गए बिजली के तार को भी हटा कर छिपा दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में कमल रजवार उर्फ बबलू तथा रामजी रजवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 50 फीट लोहे का बिजली तार तथा करीब 1.5 फीट लंबाई के छह (6) लकड़ी के खूंटे बरामद किए हैं।

और नया पुराने