कोयल नदी की बालू में दफन मिला 25 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका

 उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लुम्बा सतबहिनी कोयल नदी मे दफन मिला युवक का  शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि


नंदन कुमार / सृष्टि न्यूज झारखंड 

सृष्टि न्यूज झारखंड:- पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत लुम्बा सतबहिनी पंचायत भवन के समीप कोयल नदी की बालू में दफन एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शेखडीहा गांव निवासी सचिन साव (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सचिन मंगलवार रात से लापता था, जिसके बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

परिजनों की सूचना पर उंटारी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दंडाधिकारी की मौजूदगी में बालू की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। शव मिलने की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से शव को कोयल नदी की बालू में दफना दिया। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा युवक के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की पूरी घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।

घटना के बाद शेखडीहा गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस ने अभी हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौत के कारणों का अंतिम खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही होगा।

और नया पुराने

सृष्टि न्यूज झारखण्ड