प्रेम प्रसंग में खूनी खेल, ममेरे भाई ने बहन की टांगी से काटकर की हत्या

 प्रेम प्रसंग में खूनी खेल, ममेरे भाई ने बहन की टांगी से काटकर की हत्या, फिर ट्रेन के आगे कूदकर दी जान


सृष्टि न्यूज झारखंड 

खबर :- नंदन कुमार 

सृष्टि न्यूज झारखंड:- झारखंड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ रिश्तों का कत्ल कर एक युवक ने सनसनी फैला दी। सदर थाना क्षेत्र के सुआ कौड़ियां गांव में एक ममेरे भाई ने अपनी ही बहन की टांगी से काटकर निर्मम हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। इस दोहरी मौत की घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका खुशबू कुमारी अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। रविवार की रात खुशबू और उसके ममेरे भाई बिट्टू कुमार सिंह के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कथित प्रेम प्रसंग को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

रविवार रात जब घर के अन्य सदस्य सो रहे थे, तभी विवाद इतना बढ़ा कि बिट्टू ने आपा खो दिया और घर में रखी टांगी (कुल्हाड़ी) से खुशबू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में खुशबू की मौके पर ही मौत हो गई।

बहन की हत्या करने के बाद आरोपी बिट्टू कुमार सिंह मौके से फरार हो गया। सोमवार की सुबह गांव के पास ही रेलवे ट्रैक पर उसका क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, हत्या की ग्लानि या पकड़े जाने के डर से बिट्टू ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली है।

प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद और प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस तरह मौत होने से सुआ कौड़ियां गांव के लोग स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुशबू पढ़ने में होनहार थी और अपने भविष्य को लेकर गंभीर थी, लेकिन इस खूनी संघर्ष ने सब कुछ खत्म कर दिया।

और नया पुराने