गढ़वा में अवैध बालू परिवहन पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई ,,150 से अधिक ट्रैक्टर मालिकों पर एसडीएम की निरोधात्मक कार्यवाही 
सृष्टि न्यूज झारखण्ड
गढ़वा:- में अवैध बालू परिवहन को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू की है। सदर एसडीएम संजय कुमार ने रविवार को 150 से अधिक ट्रैक्टर–ट्रॉली मालिकों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई आरंभ की। उन्होंने बताया कि रात में फोरलेन और अन्य प्रमुख सड़कों पर ट्रैक्टर–ट्रॉली का संचालन गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।
एसडीएम के अनुसार, अधिकतर ट्रैक्टर–ट्रॉली बिना नंबर प्लेट, रिफ्लेक्टर या हेड/टेल लाइट के चलाए जा रहे हैं। गहरे रंग, जंग लगे और बिना पहचान वाले ट्रैक्टर रात में स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, जिससे सड़क सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो जाता है।
उन्होंने बताया कि अवैध खनन से जुड़े चालक रातभर तेज गति में कई ट्रिप करने की लालसा में चलते हैं। इससे न केवल सड़कों पर दुर्घटना की आशंका बढ़ती है, बल्कि स्थानीय निवासियों की शांति-व्यवस्था भी भंग होती है।
इन तमाम खतरों को देखते हुए एसडीएम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 के तहत नोटिस जारी किए हैं। साथ ही, मोटर वाहन अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई के लिए इन वाहनों की सूची जिला परिवहन पदाधिकारी को भेजी जा रही है ताकि फिटनेस, पंजीकरण, लाइटिंग, ओवरलोडिंग और अन्य नियम उल्लंघनों पर जुर्माना या जब्ती की कार्रवाई की जा सके।
👉प्रखंडवार कार्रवाई का विवरण
1. गढ़वा प्रखंड: 77 ट्रैक्टर मालिक
2. मझिआंव: 23
3. मेराल: 20
4. कांडी: 11
5. डंडा: 11
6. डंडई: 5
7. बरडीहा: 5
एसडीएम संजय कुमार ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर आगे भी सख्त और सतत कार्रवाई जारी रहेगी। यह कदम न केवल अवैध खनन रोकने की दिशा में है, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए भी महत्वपूर्ण है