अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गणेश लाल अग्रवाल महाविद्यालय प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, 7 दिनों का अल्टीमेटम
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की गणेश लाल अग्रवाल महाविद्यालय इकाई ने छात्रहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इकाई अध्यक्ष चितेश पांडे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए 7 दिनों के भीतर मांगें पूरी करने की मांग की है।
ज्ञापन में कॉलेज की शैक्षणिक एवं बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर कई अहम मुद्दे उठाए गए हैं। परिषद ने नए पाठ्यक्रम के अनुरूप सभी विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित करने पुस्तकालय में पाठ्यक्रम संबंधी आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक व्यवस्थित इन्क्वायरी काउंटर स्थापित करने की मांग की है।
इसके साथ ही कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट को अपडेट करने, परिसर में वाहनों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था करने और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। परिषद ने यह भी कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों का विद्यार्थियों के प्रति व्यवहार मित्रवत और सहयोगपूर्ण होना चाहिए।
मौके पर नगर मंत्री किसलय दुबे ने प्रशासन के ढुलमुल रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कॉलेज की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्रहित में व्यापक और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रबंधन की होगी।
इस दौरान नगर सह मंत्री अमन पाण्डेय, नगर एसएफएस प्रमुख दिवाकर शुक्ला, मयूरेश द्विवेदी समेत दर्जनों कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
