झारखंड के सिमडेगा जिले के बोलबा प्रखंड में अवैध देसी शराब निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

 सिमडेगा के बोलबा प्रखंड में अवैध देसी शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 550 किलो जावा महुआ नष्ट

सृष्टि  न्यूज झारखंड 


संवाददाता:- नंदन कुमार 

सृष्टि न्यूज झारखंड:- झारखंड के सिमडेगा जिले के बोलबा प्रखंड में अवैध देसी शराब निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बोलबा थाना क्षेत्र अंतर्गत कादोपानी पंचायत के किलेसेरा, तुरीटोली, भंडारटोली और बरघाट गांव में छापेमारी कर लगभग 550 किलोग्राम जावा महुआ जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व बोलबा थाना प्रभारी देवीदास मुर्मू ने किया। उनके साथ उत्पाद विभाग की टीम भी मौजूद रही। छापेमारी के दौरान विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखे गए जावा महुआ को बरामद किया गया, जिसे अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किया जा रहा था।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि बोलबा प्रखंड में उत्पाद विभाग द्वारा इस तरह की यह पहली बड़ी सख्त कार्रवाई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कदम उठाया गया।

कार्रवाई के बाद प्रखंड की पंचायतों में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के बीच दहशत का माहौल है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी नियमित छापेमारी जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में नशाखोरी पर नियंत्रण लगेगा और सामाजिक वातावरण में सुधार आएगा। 

और नया पुराने