मंझिआंव में गुलाल से शुरू हुआ विवाद, खेतों तक पहुंची मारपीट

 मंझिआंव में जीत का जश्न बना रणक्षेत्र वार्ड पार्षद और समर्थकों को खेतों में दौड़ाकर पीटा 




सृष्टि न्यूज झारखंड 

संवाददाता:-नंदन कुमार 

सृष्टि न्यूज झारखंड:- झारखंड के गढ़वा जिले के मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में विजय जुलूस के दौरान हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 01 स्थित अखौरी तहले गांव में वार्ड पार्षद प्रदीप कुमार साह की लगातार तीसरी बार जीत के बाद शुक्रवार शाम समर्थकों द्वारा विजयी जुलूस निकाला जा रहा था।


जुलूस के दौरान समर्थक अबीर-गुलाल लगाकर खुशी मना रहे थे। इसी क्रम में गुलाल कथित रूप से विरोधी पक्ष के लोगों पर गिर गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और विरोधी गुट के लोगों ने जुलूस पर हमला कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने वार्ड पार्षद प्रदीप कुमार साह, उनके पुत्र और अन्य समर्थकों को खेतों में दौड़ाकर मारपीट की। इस घटना में राजकुमार और विनोद कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि प्रिंस कुमार का  हाथ फ्रैक्चर हो गया। अन्य कुछ लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट के दृश्य स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


और नया पुराने