शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक को हाइवा ने रौंदा, मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

 हाइवा की चपेट में आने से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

सृष्टि न्यूज झारखंड 

संवाददाता:- नंदन कुमार

लातेहार: राँची-चतरा मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बालुमाथ थाना क्षेत्र के सरना भवन के समीप की है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। 

मृतक युवक की पहचान  सिमरिया  थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी पवन गंझू (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पवन अपने रिश्तेदारों के घर शादी का कार्ड बांटकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बालूमाथ  थाना के पास सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए मृतक के परिजनों को मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार हाइवा चालक की तलाश की जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


प्रशासन की कार्रवाई

सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आवागमन बहाल किया जा सके। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और खबर लिखे जाने तक जाम जारी है।


और नया पुराने