झारखंड: स्वर्णरेखा नदी में मिले 'विश्व युद्ध' कालीन अमेरिकी बम डिफ्यूज, धमाकों से थर्राया घाटशिला
बहरागोड़ा : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। घाटशिला के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपाड़ा गांव के पास स्वर्णरेखा नदी में मिले दो शक्तिशाली अमेरिकी बमों को भारतीय सेना की विशेष टीम ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय (Defuse) कर दिया है। ये बम द्वितीय विश्व युद्ध के समय के बताए जा रहे हैं।
10 दिनों से था दहशत का माहौल
पिछले 10 दिनों के भीतर स्वर्णरेखा नदी से एक-एक कर दो भारी-भरकम बम बरामद हुए थे। पहला बम 10 दिन पहले और दूसरा महज दो दिन पहले मिला था। इन बमों की मौजूदगी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल था। भारतीय सेना की विशेष टीम पिछले तीन दिनों से बहरागोड़ा में कैंप कर रही थी ताकि इन्हें बिना किसी नुकसान के नष्ट किया जा सके।
प्रशासनिक तैयारियां
बम डिफ्यूज से पहले जिला प्रशासन की ओर से बहरागोड़ा के सीईओ और पुलिस की ओर से घाटशिला एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर, मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत आदि मौके पर मौजूद रहे. क्षेत्र में भय का माहौल न बने, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए. बहरागोड़ा की मेडिकल टीम को भी मौके पर तैनात किया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके. जिला प्रशासन की ओर से दमकल गाड़ी की भी व्यवस्था की गई थी.
दोनों बम डिफ्यूज होने तक घाटशिला एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर और मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत लगातार मौके पर डटे रहे. अभियान की सफलता के बाद स्थानीय प्रशासन ने राहत की सांस ली है !
