क्लोरीन गैस बना मौत का जाल! धनबाद में 4 की मौत, टंकी काटते वक्त हुआ खौफनाक हादसा

 चोरी की कोशिश बनी जानलेवा! धनबाद में क्लोरीन गैस कांड में मृतकों की संख्या पहुंची 4
सृष्टि न्यूज झारखण्ड 

खबर :- कुश कुमार 

धनबाद :- हादसा उस समय हुआ, जब करीब 15 युवक बंद पड़े प्लांट में लोहा चोरी करने घुसे थे। गैस कटर से क्लोरीन गैस से भरी लोहे की टंकी काटते ही तेजी से गैस का रिसाव होने लगा। रिसाव इतना तेज था कि देखते ही देखते अफरातफरी मच गई। 


धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुनीडीह ओपी के एक कैप्टिव पावर प्लांट में क्लोरीन गैस रिसाव मामले में सोमवार को एक और शव बरामद किया गया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय वसीम अंसारी, निवासी केंदुआडीह राजपूत बस्ती, के रूप में हुई है। उनका शव प्लांट की बाउंड्री से लगभग 20 मीटर दूर पूर्वी छोर पर स्थित जंगल में औंधे मुंह पाया गया।

यह हादसा शनिवार रात उस समय हुआ, जब करीब 15 युवक बंद पड़े प्लांट में लोहा चोरी करने के उद्देश्य से घुसे थे। गैस कटर से क्लोरीन गैस से भरी टंकी काटते ही तेज रिसाव शुरू हो गया। गैस के प्रभाव से मौके पर अफरातफरी मच गई और कई युवक बेहोश होकर गिर पड़े। उसी रात संजय यादव (केंदुआ), आनंद ताम्रकार उर्फ भोंदा (केंदुआ) और अजहरुद्दीन (लोयाबाद) के शव बरामद किए गए थे।

गैस का प्रभाव लगभग आधा किलोमीटर तक फैल गया। कपालघाट पंप हाउस में तैनात सीआईएसएफ के तीन जवान दर्शन सिंह, विपिन कुमार और ज्ञान सिंह के साथ बीसीसीएल कर्मी पूना बाउरी एवं आउटसोर्स कर्मी दुनिया लाल सिंह भी बेहोश हो गए। सभी का इलाज सेंट्रल अस्पताल में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि यह प्लांट कई वर्षों से बंद पड़ा है। परिसर में ओएनजीसी द्वारा मिथेन गैस टेस्टिंग का कार्य चल रहा है। प्लांट की पिछली चहारदीवारी टूटी होने के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं, और इसी रास्ते से चोर अंदर प्रवेश किए थे।

ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि बंद प्लांट में चोर लोहा काटने गए थे। इसी दौरान उन्होंने गैस से भरी टंकी को काट दिया, जिससे क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ। जहरीली गैस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग बेहोश हो गए। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

और नया पुराने