मेदिनीनगर युवक के अपहरण की बड़ी साजिश नाकाम

 मेदिनीनगर में युवक के अपहरण की साजिश नाकाम 8 आरोपी गिरफ्तार हथियार और स्कॉर्पियो बरामद



सृष्टि न्यूज झारखंड 

संवाददाता:- नंदन कुमार 

सृष्टि न्यूज झारखंड:-पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए युवक के अपहरण की एक सनसनीखेज साजिश को नाकाम कर दिया है। शहर थाना क्षेत्र के भट्टी मोहल्ला में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से हथियार और घटना में प्रयुक्त लग्जरी गाड़ी भी बरामद की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, शहर के भट्टी मोहल्ला निवासी आनंद कुमार रवि नामक युवक को अगवा करने की नीयत से कुछ अपराधी पहुंचे थे। अपराधियों ने युवक के साथ मारपीट की और उसे जबरन उठाने की कोशिश की। शोर-शराबा और स्थानीय लोगों की सक्रियता के बीच मामले की सूचना तुरंत मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस ने घेराबंदी शुरू की और अपहरण की कोशिश कर रहे गिरोह को दबोच लिया। पुलिस ने इस मामले में सद्दाम कुरैशी को मुख्य आरोपी बनाया है। गिरफ्तार किए गए अन्य 7 आरोपी सद्दाम के सहयोगी बताए जा रहे हैं।

शहर में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े अपहरण की इस कोशिश से भट्टी मोहल्ला और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं। शहर थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुरानी रंजिश या कुछ और

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि सद्दाम कुरैशी और आनंद कुमार रवि के बीच किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए सद्दाम ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। पुलिस अब इन सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या ये किसी संगठित गिरोह का हिस्सा हैं।

और नया पुराने