पलामू हुसैनाबाद पुलिस पर वर्दी वाली गुंडागर्दी के आरोप, चाय दुकानदार से ₹5000 की रंगदारी मांगने का VIDEO वायरल

 पलामू: हुसैनाबाद पुलिस पर लगा 'रंगदारी' वसूलने का आरोप, चाय दुकानदार को पीटा; CCTV वीडियो वायरल


सृष्टि न्यूज झारखंड 

संवाददाता:- नंदन कुमार  

सृष्टि न्यूज झारखंड:-पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र से खाकी को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ पदस्थापित एक पुलिस अधिकारी, नर्वदेश्वर सिंह पर एक स्थानीय चाय दुकानदार से हर महीने 5000 रुपये रंगदारी मांगने और पैसे न देने पर सरेआम मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज और एक कथित ऑडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। 

घटना जपला–छतरपुर मुख्य मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के सामने संचालित बाबा चाय दुकान की है। दुकानदार शुभम पाठक के अनुसार पुलिस अधिकारी नर्वदेश्वर सिंह ने उनसे प्रतिमाह ₹5000 के हफ्ता की मांग की थी। जब शुभम ने यह रकम देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी अधिकारी ने अपनी ताकत का दुरुपयोग शुरू कर दिया।

CCTV में कैद हुई मारपीट

पीड़ित का आरोप है कि पैसे न मिलने से नाराज अधिकारी अपने कुछ सहयोगियों के साथ दुकान पर पहुँचा और गाली-गलौज करते हुए शुभम और उसके भाई के साथ लात-घूंसों से मारपीट की।

दुकान में लगे CCTV कैमरे में पुलिसकर्मियों द्वारा धक्का-मुक्की और मारपीट की तस्वीरें कैद हुई हैं।

एक कथित ऑडियो क्लिप भी वायरल हो रही है, जिसमें अधिकारी द्वारा ₹2000 लेने की बात स्वीकारने और ₹5000 की सेटिंग करने का जिक्र है। इसमें पुलिस कर्मी द्वारा अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया है।

व्यापारियों में आक्रोश

बाजार के स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर गहरा उबाल है। चर्चा है कि संबंधित अधिकारी पर पहले भी दुर्व्यवहार के आरोप लगे थे, लेकिन ठोस साक्ष्यों के अभाव में कार्रवाई नहीं हुई। इस बार CCTV और ऑडियो सामने आने के बाद व्यापारियों ने पलामू एसपी से निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारी को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।

प्रशासनिक चुप्पी पुलिस प्रशासन मोन है 

फिलहाल इस मामले में हुसैनाबाद थाना या आरोपी अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है। अब सबकी नजरें जिला पुलिस कप्तान (SP) (DSP) की कार्रवाई पर टिकी हैं कि क्या खाकी पर लगे इस दाग को धोने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे


और नया पुराने