विष्णुगढ़ कांड पर बदली सियासत JMM की हज़ारीबाग में रैली आरोपी को फांसी देने की मांग
सृष्टि न्यूज झारखंड
संवाददाता:- नंदन कुमार
सृष्टि न्यूज झारखंड:-हज़ारीबाग चर्चित विष्णुगढ़ कांड को लेकर झारखंड की सियासत लगातार गरमाती जा रही है। पहले इस मामले को लेकर बीजेपी ने राज्यभर में रैली निकालकर सोरेन सरकार को घेरा था, लेकिन अब मामले में नया मोड़ आने के बाद राजनीतिक माहौल बदलता नजर आ रहा है।
झारखंड के बहुचर्चित विष्णुगढ़ कांड ने अब एक नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। कल तक जो भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) इस मुद्दे पर सोरेन सरकार को कटघरे में खड़ा कर रही थी, आज वही पार्टी बैकफुट पर नजर आ रही है। मामले में मुख्य आरोपी के तौर पर बीजेपी से जुड़े नेता भीम राम की गिरफ्तारी के बाद सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने आक्रामक रुख अपना लिया है।
हजारीबाग में आज जेएमएम कार्यकर्ताओं ने विशाल रैली निकाल कर बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जेएमएम नेताओं ने मांग की है कि विष्णुगढ़ कांड के दोषियों को बिना किसी देरी के फांसी की सजा दी जाए। रैली को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि बीजेपी केवल तुष्टीकरण और दोहरे मापदंड की राजनीति करती है, जिसका खुलासा भीम राम की गिरफ्तारी से हो गया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया आरोपी भीम राम कोई अनजान चेहरा नहीं है। वह भारतीय जनता पार्टी का सक्रिय सदस्य और बूथ कमेटी का अध्यक्ष रह चुका है। इसके अलावा वह प्रखंड कमेटी में भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर आसीन रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के बाद भीम राम खुद को बेगुनाह दिखाते हुए बहुत मुखर था और सार्वजनिक मंचों से आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहा था।
विष्णुगढ़ कांड के शुरुआती दिनों में बीजेपी ने पूरे राज्य में रैली कर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। लेकिन जैसे ही जांच की आंच उनके अपने नेता तक पहुंची, जेएमएम ने इसे हाथों-हाथ लिया और पलटवार शुरू कर दिया। जेएमएम का आरोप है कि बीजेपी समाज में जहर घोलने के लिए अपने ही लोगों का इस्तेमाल करती है।
इस घटना के बाद अब राज्य की सियासत गरमा गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा विधानसभा से लेकर सड़क तक गूंजने के आसार हैं।
