गढ़वा में बड़ा खुलासा एसडीओ की छापेमारी में पकड़ाया मिलावटी लड्डू का कारखाना, बेसन की जगह खेसारी और मैदे का खेल
प्रशासनिक जांच में यह बात सामने आई कि जिन बूंदी लड्डुओं को शुद्ध बेसन से निर्मित बताकर धड़ल्ले से बाजार में बेचा जा रहा था, उनके निर्माण स्थल पर वास्तविक बेसन का एक दाना भी उपलब्ध नहीं था।पूछताछ के दौरान कारखाना संचालक ने जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला है। संचालक ने बताया कि वह बाजार समिति से महज 40 रुपये प्रति किलो की दर से मिलने वाला तथाकथित गुलकंद बेसन खरीदता था। आरोप है कि इस घटिया सामग्री में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खेसारी दाल, निम्न स्तर का मैदा और अरवा चावल का भारी मिश्रण किया जाता है, जिससे लड्डू तैयार कर बाजार में खपाया जा रहा था।
एसडीओ की इस कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में निम्न गुणवत्ता की खाद्य सामग्री के साथ दो बोरी घटिया मैदा भी बरामद किया गया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए कारखाना संचालक की निशानदेही पर सीधे बाजार समिति स्थित उन दुकानों में भी छापेमारी की, जहां से यह सामग्री सप्लाई की जा रही थी। वहां भी संबंधित नकली और मिलावटी सामानों की बिक्री की गहन जांच की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीओ संजय कुमार ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी (Food Safety Officer) को तुरंत मौके पर बुलाकर विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। कारखाने और बाजार समिति से जब्त की गई खाद्य सामग्री के नमूनों (Samples) को लैब टेस्टिंग के लिए भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
