![]() |
| सृष्टि न्यूज झारखण्ड |
लुम्बा सतबहिनी,,
पलामू। उंटारी रोड थाना क्षेत्र के सतबहिनी गांव निवासी एवं झारखंड पुलिस के सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर बीरबल शर्मा का सोमवार रात मेदिनीनगर स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पैतृक गांव सतबहिनी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है।
सुबह नहीं जागे, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार सोमवार रात उन्होंने सामान्य दिनों की तरह भोजन किया और विश्राम करने चले गए। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक वे नहीं जागे तो परिवार के सदस्य उन्हें उठाने पहुंचे। लेकिन तब तक उनका निधन हो चुका था। यह दृश्य देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए और घर में मातम छा गया।
पैतृक गांव लाया गया पार्थिव शरीर
मंगलवार सुबह उनका पार्थिव शरीर मेदिनीनगर से उनके पैतृक गांव सतबहिनी लाया गया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार दोपहर बाद गांव के समीप प्रवाहित पवित्र कोयल नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में थी पहचान
बीरबल शर्मा 31 जनवरी 2022 को सरायकेला से सब इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और जनहितैषी पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान बनाई। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे और क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में हमेशा सहभागी बनते रहे।
पत्नी के निधन के एक माह बाद परिवार पर दूसरा बड़ा आघात
सबसे भावुक करने वाली बात यह है कि लगभग एक माह पूर्व ही उनकी धर्मपत्नी का आकस्मिक निधन हुआ था। परिवार अभी उस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि बीरबल शर्मा के निधन ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। लगातार दो बड़े पारिवारिक आघातों ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है।
मिलनसार और हंसमुख व्यक्तित्व को लोग करेंगे याद
बीरबल शर्मा अपने मिलनसार, हंसमुख और हाजिरजवाब स्वभाव के लिए जाने जाते थे। वे जहां भी जाते, अपने व्यवहार और सरल स्वभाव से लोगों का दिल जीत लेते थे। दूसरों के दुख को अपना दुख समझने वाले बीरबल शर्मा आज अपने पीछे सैकड़ों नम आंखें और अनगिनत यादें छोड़ गए हैं।
क्षेत्र ने खोया एक सम्मानित व्यक्तित्व
उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र ने एक सम्मानित, सामाजिक और संवेदनशील व्यक्तित्व को खो दिया है। गांव में हर जुबान पर एक ही बात सुनने को मिल रही है कि "ऐसे लोग बार-बार नहीं मिलते।"
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
विनम्र श्रद्धांजलि। 🙏
