ठेकेदार पर जानकारी छिपाने का आरोप, ठेकेदार बोले- रास्ते से लापता हुआ मजदूर, पुलिस की मदद से कर रहे हैं तलाश
नंदन कुमार / सृष्टि न्यूज झारखंड
सृष्टि न्यूज झारखंड:- डंडई थाना क्षेत्र के लावादोनी (बालेखाड़) गांव की रहने वाली सुगवन्ती देवी अपने लापता दामाद की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने एसपी को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दामाद का जल्द पता लगाने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, सुगवन्ती देवी के दामाद अजित सिंह, निवासी केरवा, को 10 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे रमना थाना क्षेत्र के रहने वाले लेबर सप्लायर एवं ठेकेदार मुन्ना प्रसाद गुप्ता मजदूरी के लिए चेन्नई लेकर गए थे। परिवार को उम्मीद थी कि अजित रोजगार के लिए बाहर जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने ठेकेदार से अजित सिंह के संबंध में जानकारी मांगी तो उन्हें बताया गया कि वह रास्ते में कहीं लापता हो गए हैं। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है। कई दिनों तक अपने स्तर पर खोजबीन और संपर्क करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।
सुगवन्ती देवी ने आवेदन में आशंका जताई है कि उनके दामाद के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने कानूनी कार्रवाई की बात कही तो ठेकेदार ने अपने प्रभाव का हवाला देते हुए मामला आगे नहीं बढ़ाने की बात कही। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच करते हुए लापता युवक की जल्द बरामदगी सुनिश्चित की जाए तथा यदि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक साजिश सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
परिजनों का कहना है कि उन्हें पुलिस प्रशासन से न्याय की उम्मीद है। उन्होंने आग्रह किया है कि मामले की जांच केवल गुमशुदगी के रूप में नहीं, बल्कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जाए।
