ट्रांसफॉर्मर मरम्मत के दौरान करंट लगने से बिजली मिस्त्री की मौत, विभागीय लापरवाही का आरोप
सृष्टि न्यूज झारखंड:- पलामू जिले के तरहसी प्रखंड में ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत के दौरान करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजा और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, तरहसी प्रखंड के परसावां गांव निवासी सत्येंद्र मेहता शनिवार को परसाई ग्रिड अंतर्गत सुखरो-सेलारी गांव में ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई, जिससे वे करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि मरम्मत कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने बिजली विभाग से उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
घटना के बाद जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। बातचीत के बाद शव को पोल से नीचे उतारा गया। सूत्रों के अनुसार, विभागीय अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने तथा पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिजली विभाग मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
.jpeg)