मेदिनीनगर में जेपीएससी-जेएसएससी पेपर लीक के खिलाफ एबीवीपी का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
सृष्टि न्यूज झारखण्ड:- मेदिनीनगर जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने मेदिनीनगर स्थित जीएलए कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने राज्य सरकार और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों की मेहनत करने वाले छात्रों का मनोबल टूट रहा है, इसलिए सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिया जाए, परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि अभ्यर्थियों के हितों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
