किसानों की परेशानी को लेकर अजय कुमार गुप्ता ने उठाई आवाज, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

 पलामू में खाद की कालाबाजारी का आरोप, उपायुक्त से जांच और कार्रवाई की मांग


सृष्टि न्यूज झारखण्ड -समाचार संपादक -कुश कुमार 

ऊंटारी रोड/पलामू:- पलामू जिले में यूरिया और DAP खाद की कथित कालाबाजारी को लेकर किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। निर्धारित प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर खाद बिक्री का आरोप लगाते हुए युवा समाजसेवी सह पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी अजय कुमार गुप्ता ने पलामू उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अजय कुमार गुप्ता का आरोप है कि जिले में कुछ थोक विक्रेताओं और खाद एजेंसियों द्वारा खुदरा दुकानदारों को ही निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है। उनके अनुसार, यूरिया करीब 320 रुपये प्रति बोरी और DAP (18:46) करीब 1,900 रुपये प्रति बोरी की दर से रिटेलर्स को दिए जाने का आरोप है। इसके बाद किसानों से यूरिया 380 से 400 रुपये और DAP करीब 2,200 रुपये प्रति बोरी तक वसूले जाने की शिकायत सामने आ रही है।

अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि आरोप सही हैं, तो इससे सरकार की ओर से किसानों को मिलने वाली सब्सिडी का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंचने के बजाय बिचौलियों और व्यापारियों को मिल रहा है। इससे पहले से ही आर्थिक परेशानी झेल रहे किसानों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में जिले की सभी थोक खाद एजेंसियों के बिक्री रजिस्टर, बिल बुक और बैंक खातों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि खातों और बिक्री रिकॉर्ड की जांच से यह स्पष्ट हो सकता है कि खुदरा विक्रेताओं को किस दर पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है।

अजय कुमार गुप्ता ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध वसूली या निर्धारित नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने प्रखंड स्तर पर किसानों को सरकारी निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया और DAP उपलब्ध कराने की मांग की है।

अब देखना होगा कि किसानों से जुड़ी इस शिकायत पर जिला प्रशासन क्या कदम उठाता है और जांच में खाद की कथित कालाबाजारी के आरोप कितने सही पाए जाते हैं।


और नया पुराने