पलामू में 31 अक्टूबर तक रोज 6 घंटे बिजली कटौती, जानें किन क्षेत्रों में रहेगी बाधित
सृष्टि न्यूज झारखण्ड / नन्दन कुमार
पाटन (पलामू)। पलामू जिले के पाटन और तुकबेरा फीडर से जुड़े क्षेत्रों में 26 से 31 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत विभाग की ओर से सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक शटडाउन लेकर बिजली नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा।
पाटन के सहायक विद्युत अभियंता विकास कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत पुराने और जर्जर बिजली तारों को बदला जाएगा। जरूरत के अनुसार नए बिजली पोल लगाए जाएंगे। साथ ही तकनीकी मरम्मत और रखरखाव का कार्य भी किया जाएगा, ताकि भविष्य में बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित और बेहतर हो सके।
इन क्षेत्रों में प्रभावित रहेगी बिजली
33 केवी पाटन फीडर के शटडाउन से पाटन विद्युत उपकेंद्र के पाटन, सगुना और नावा फीडर तथा कुम्हवा विद्युत उपकेंद्र के कुम्हवा और किशुनपुर फीडर से जुड़े गांव प्रभावित होंगे। इसके अलावा गहरपथरा, सहदेवा, सिक्की कला, पदमा, मनातू, पचरूखिया, चक, परसाई और गुरहा फीडर के क्षेत्रों में भी बिजली बाधित रहेगी।
वहीं, तुकबेरा फीडर के शटडाउन से गांधीपुर, पड़वा, नावा बाजार, ताली और छतरपुर फीडर से जुड़े गांवों में बिजली कटौती होगी।
उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील
विद्युत विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे पेयजल और घरेलू उपयोग के लिए पानी का इंतजाम पहले से कर लें। बिजली पर निर्भर जरूरी काम भी निर्धारित समय से पहले पूरा कर लें। विभाग ने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।
