बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप लेकिन OTT पर छाई, अचानक नेटफ्लिक्स से हटा दी गई 300 करोड़ी फिल्म ‘गुड बैड अगली
![]() |
| सृष्टि न्यूज झारखण्ड |
नई दिल्ली: साउथ सुपरस्टार अजित कुमार की इस साल रिलीज हुई बिग-बजट फिल्म गुड बैड अगली को बड़ा झटका लगा है। करीब 300 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म को कोर्ट के आदेश के बाद नेटफ्लिक्स से हटा दिया गया है। वजह है – दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा के गानों का अनधिकृत इस्तेमाल।
बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप, लेकिन OTT पर हिट
गुड बैड अगली 10 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। इसके बाद 8 मई को यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए आई और तेजी से टॉप ट्रेंड में पहुंच गई। दर्शकों ने OTT पर फिल्म को खूब सराहा।
फिल्म में अजित कुमार, त्रिशा, अर्जुन दास, प्रसन्ना, प्रभु और सुनील अहम किरदार निभा रहे हैं।
क्या है विवाद?
मामला फिल्म में इलैयाराजा के गानों के इस्तेमाल का है। फिल्म में ‘ओत्ता रुबा थारेन’, ‘एन जोड़ी मंजा कुरुवी’ और ‘इलमाई इधो इधो’ जैसे गाने शामिल किए गए। इलैयाराजा ने इन गानों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई और कोर्ट का रुख किया।
जज एन. सेंथिलकुमार ने आदेश दिया कि फिल्म को इन गानों के साथ नहीं दिखाया जा सकता। इसके बाद नेटफ्लिक्स ने फिल्म को तुरंत अपनी स्ट्रीमिंग लिस्ट से हटा दिया।
इलैयाराजा की मांग
इलैयाराजा ने निर्माताओं से गानों के इस्तेमाल के लिए 5 करोड़ रुपये और लिखित माफी की मांग की थी। हालांकि, निर्माताओं का कहना है कि उन्होंने म्यूजिक लेबल से अनुमति ली थी और एनओसी भी मौजूद है। मैथ्री मूवी मेकर्स से जुड़े यालामंचिली रविशंकर ने कहा –
"हमने सारे गाने म्यूजिक लेबल से आधिकारिक अनुमति लेकर ही इस्तेमाल किए हैं। लेबल के पास अधिकार थे और हमने सभी प्रोटोकॉल का पालन किया है।"
अब आगे क्या?
फिल्म को नेटफ्लिक्स से हटाए जाने के बाद इसके दोबारा स्ट्रीम होने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या निर्माता इलैयाराजा से समझौता कर पाते हैं या मामला आगे कोर्ट में ही चलेगा।
