बिहार के बक्सर जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां खुशियों का माहौल अचानक गोलियों की आवाज से दहशत में बदल गया। जयमाला के दौरान स्टेज पर ही दुल्हन को गोली मार दी गई।
गोली दुल्हन के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने बताया कि आरोपी की पहचान दीनबंधु के रूप में हुई है, जो दुल्हन का पड़ोसी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
घायल दुल्हन को पहले बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वरणारसी रेफर कर दिया गया।
इस मामले में सौरभ आर्या , एसपी ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो पाएगा।