होली को लेकर ऊंटारी रोड में शांति समिति की बैठक संपन्न, सौहार्द बनाए रखने की अपील
संवाददाता: नंदन कुमार
ऊंटारी रोड: आगामी होली पर्व के मद्देनजर ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक सह होली मिलन समारोह का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया और होली को भाईचारे व सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता DSP आलोक कुमार ,एव थाना प्रभारी संतोष गिरी ने की। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य, प्रमुख, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, व्यवसायीगण, पत्रकार बंधु तथा अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर विशेष जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी असामाजिक तत्व के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
