नगर निकाय चुनाव: मतगणना को लेकर तैयारियां तेज, एसपी संग जीएलए कॉलेज केंद्र का निरीक्षण
संवाददाता:- नंदन कुमार
सृष्टि न्यूज झारखंड :- नगर निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 27 फरवरी को होने वाली मतगणना से पूर्व अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के साथ G.L.A College स्थित मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट रूप से कहा गया कि बिना वैध पास के किसी भी व्यक्ति को मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रवेश द्वार पर सघन जांच, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा केंद्र परिसर में पर्याप्त लाइटिंग, मजबूत बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए गए, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। मतगणना कर्मियों के लिए भोजन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन ने दोहराया कि निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतगणना कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
