केंद्र पर हिस्सेदारी रोकने का आरोप, संसाधन बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनेगा राज्य
सृष्टि न्यूज झारखंड
संवाददाता:-नंदन कुमार
सृष्टि न्यूज झारखंड रांची:-राधाकृष्ण किशोर ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय करों में राज्य की हिस्सेदारी समय पर नहीं देने और उसमें कटौती करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की इस नीति से राज्यों की वित्तीय स्थिति प्रभावित हो रही है।
वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस चुनौती से निपटने के लिए ठोस रणनीति तैयार की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड अपने आंतरिक संसाधनों को मजबूत कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है, ताकि केंद्र के सामने आर्थिक सहायता के लिए निर्भर नहीं रहना पड़े।
उन्होंने कहा, “हमारे पास जितने संसाधन हैं, उन्हें और बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। राजस्व संग्रहण को बेहतर बनाने, कर प्रणाली को सुधार करने और नए आय स्रोत विकसित करने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं को प्रभावित नहीं होने देगी और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू करती रहेगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केंद्र-राज्य वित्तीय संबंधों को लेकर यह बयान आने वाले समय में सियासी बहस को और तेज कर सकता है।
