शादी समारोह में खाना खाने से 150 से अधिक लोग बीमार, 30 की हालत गंभीर

 शादी समारोह में खाना खाने से 150 से अधिक लोग बीमार, 30 की हालत गंभीर


सृष्टि न्यूज झारखंड 

संवाददाता:- नंदन कुमार 

Medininagar / Palamu : जिले के Satbarwa प्रखंड अंतर्गत बोहिता गांव के पोखर पार टोला में शादी समारोह के दौरान फूड प्वाइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। बारात में खाना खाने के बाद 150 से अधिक ग्रामीण अचानक बीमार पड़ गए, जिनमें करीब 30 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार बोहिता गांव निवासी हरिशंकर चंद्रवंशी के बेटे की शादी बुधवार को थी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और बारातियों ने भोजन किया था। भोजन में पूड़ी, बुंदिया और सब्जी परोसी गई थी।

बताया जा रहा है कि बारात के जाने के कुछ देर बाद ही लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी और 150 से अधिक लोग बीमार हो गए।

स्थिति गंभीर होने पर ग्रामीणों ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद Lesliganj सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और बीमार लोगों का प्राथमिक इलाज शुरू किया। कई मरीजों को लेस्लीगंज सीएचसी, सतबरवा के निजी क्लीनिकों और Medininagar में भर्ती कराया गया है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि शादी समारोह में परोसे गए भोजन के कारण फूड प्वाइजनिंग की घटना हुई है। वहीं प्रशासन की ओर से सभी मरीजों के इलाज और आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

और नया पुराने