फर्जी कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाला युवक की गिरफ्तार, तीन मोबाइल जब्त किया गया
संवाददाता:-नंदन कुमार
सृष्टि न्यूज झारखंड:- देवघर साइबर अपराध के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सौरभ के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में 28 फरवरी 2026 को मधुपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढाकोटिल्हा में छापेमारी कर एक साइबर अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग फर्जी कस्टमर केयर बनकर आम लोगों को झांसे में ले रहे हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को Flipkart, Amazon और Airtel Payments Bank का कस्टमर केयर पदाधिकारी बताकर लोगों से संपर्क करता था।
इसके अलावा गूगल पर फर्जी नंबर अपलोड कर PhonePe और Paytm कस्टमर केयर के नाम पर भी ठगी की जा रही थी।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने ग्राम ढाकोटिल्हा में छापेमारी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया। उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी फर्जी नंबरों के जरिए लोगों को कॉल कर कैशबैक, पीएम किसान योजना, लोन और एसबीआई क्रेडिट कार्ड से जुड़ी सुविधाओं का झांसा देता था। इसके बाद उपभोक्ताओं से गिफ्ट कार्ड बनवाकर या लिंक भेजकर रकम हड़प लेता था।
पुलिस के अनुसार ठगी की प्रमुख शैली में गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालना, खुद को फोनपे या पेटीएम का अधिकारी बताकर कैशबैक का लालच देना और एयरटेल पेमेंट बैंक कार्ड बंद होने का डर दिखाकर दोबारा चालू कराने के नाम पर ठगी करना शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय जितेंद्र दास के रूप में हुई है, जो देवीपुर थाना क्षेत्र के बेलटिकरी गांव का रहने वाला है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
