सृष्टि न्यूज झारखंड
संवाददाता:-नंदन कुमार
गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हेसातु के दुबियाठी टोला में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 01 मार्च 2026 को कुछ लोगों ने कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे से हमला कर सूर्यदेव यादव नामक व्यक्ति की हत्या कर दी, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया।
इस टीम में सुभाष कुमार पासवान तथा दीपक कुमार मौर्य सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में रामकिशुन यादव उर्फ दुबई यादव, राजू यादव, छोटू यादव उर्फ शिव कुमार यादव और संतोष यादव को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगा कुल्हाड़ी और दो लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था। बताया गया कि घटना से पहले आरोपियों ने मृतक की तीन बकरियों को जहर देकर मार दिया था। इस मामले में बड़गड़ थाना कांड संख्या 07/26 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
