रांची मेडिकल छात्रा से दुष्कर्म मामले में भाजपा हमलावर पीड़िता से मिले बोले-पार्टी दिलाएगी न्याय
संवाददाता :- नंदन कुमार
सृष्टि न्यूज झारखंड:- रांची राजधानी के लालपुर थाना क्षेत्र में एक मेडिकल छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने ऑर्किड अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात की और उनका हाल जाना। अस्पताल में पीड़िता और उनके परिजनों से मिलने के बाद अजय साह ने बताया कि छात्रा अभी भी गहरे सदमे में है। उन्होंने पीड़िता को हिम्मत दी और स्पष्ट किया कि इस कठिन समय में पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है।
पीड़िता अभी भी बहुत डरी-सहमी हुई है। यह घटना न केवल शर्मनाक है, बल्कि राज्य की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। भाजपा पीड़िता को हर संभव कानूनी और नैतिक सहयोग प्रदान करेगी।अजय साह, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा
बीते दिनों लालपुर थाना क्षेत्र में मेडिकल की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद से ही शहर में आक्रोश का माहौल है और पुलिस आरोपियों की धर-पकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल छात्रा का इलाज ऑर्किड अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की टीम नजर बनाए हुए है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना की निंदा की है और पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि अपराधियों की गिरफ्तारी में कोई कोताही न बरती जाए। भाजपा का कहना है कि अगर जल्द ही न्याय नहीं मिला, तो पार्टी सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
