गिरिडीह टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग NH-19 पर तीन ट्रकों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत

 गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा, तीन ट्रकों की टक्कर के बाद लगी आग


सृष्टि न्यूज झारखंड 

संवाददाता:- नंदन कुमार 

सृष्टि न्यूज झारखंड:- गिरिडीह डुमरी झारखंड के गिरिडीह जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग  (NH-19) पर तीन ट्रकों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ट्रक के ड्राइवर और कंडक्टर की ट्रक के केबिन में फंसने के कारण जिंदा जलकर मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर होते ही ट्रकों में धमाका हुआ और आग की लपटें आसमान छूने लगीं। बताया जा रहा है कि एक अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रहे ट्रकों को टक्कर मार दी, जिससे तीनों वाहन आपस में उलझ गए।

घटना की सूचना मिलते ही डुमरी पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि केबिन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का मौका ही नहीं मिला। हादसा बेहद दर्दनाक था। टक्कर के तुरंत बाद लगी आग ने केबिन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। हमने दमकल की गाड़ियों की मदद से आग बुझाई, लेकिन तब तक दो लोग काल के गाल में समा चुके थे।

इस भीषण टक्कर के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर घंटों तक आवागमन बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार या चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है।

और नया पुराने