हरिहरगंज में सनसनी,आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे मिला युवक का लहूलुहान शव धारदार हथियार से हत्या की आशंका
सृष्टि न्यूज झारखंड:- पलामू जिले के हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र से एक बेहद ही चौंकाने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ के वैध बिगहा मोहल्ले में शनिवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। युवक के शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र के वैध विगहा मोहल्ले की है। शनिवार की सुबह लगभग 8 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने मोहल्ले में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा। घनी आबादी वाले क्षेत्र में शव मिलने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों और शुरुआती जांच के मुताबिक, मृत युवक की हत्या बेहद क्रूरता के साथ की गई है। मृतक के सिर और चेहरे पर किसी धारदार हथियार से वार किए जाने के कई गंभीर और गहरे निशान पाए गए हैं। अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो जाने की आशंका है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अन्य जगह पर वारदात को अंजाम देने के बाद, साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे फेंक दिया गया।
सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँच चुकी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृत युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों और स्थानीय चौकीदार की मदद से युवक की शिनाख्त स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
थाना पुलिस का कहना है कि मामला पूरी तरह से हत्या का लग रहा है। पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है, और जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके के सीसीटीवी कैमरों और हालिया लापता लोगों की सूची को भी खंगाला जा रहा है।
इस घटना के बाद से वैध बिगहा मोहल्ले के निवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग की है।
