उंटारी रोड भादुमा रेलवे क्रॉसिंग बना मौत का फाटक घंटों जाम से परेशान लोग जान जोखिम में डालक र पटरी पार करने को मजबूर
नंदन कुमार / सृष्टि न्यूज झारखंड
सृष्टि न्यूज झारखंड:- उंटारी रोड के समीप स्थित भादुमा रेलवे क्रॉसिंग इन दिनों आम जनता के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। घंटों तक फाटक बंद रहने के कारण लगने वाले लंबे जाम ने लोगों का धैर्य जवाब दे दिया है। आलम यह है कि अब लोग अपनी जान की परवाह किए बिना, बंद फाटक को बाईपास कर रेल की पटरियों के किनारे से आवाजाही कर रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि मालगाड़ियों और एक्सप्रेस ट्रेनों के अत्यधिक दबाव के कारण यह फाटक दिन भर में कई बार घंटों बंद रहता है। जाम इतना लंबा होता है कि एम्बुलेंस, स्कूली बसें और आवश्यक सेवाओं वाले वाहन भी घंटों फंसे रहते हैं।
जल्दबाजी में बाइक सवार, साइकिल चालक और पैदल यात्री फाटक के साइड से निकलकर रेलवे लाइन पार कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
भादुमा फाटक पर लगने वाले इस जाम की समस्या वर्षों पुरानी है, लेकिन अब तक रेलवे या स्थानीय प्रशासन ने इसके स्थायी समाधान ( जैसे ओवरब्रिज या अंडरपास ) की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही कोई समाधान नहीं निकला, तो कभी भी कोई बड़ी रेल दुर्घटना घट सकती है।