![]() |
सृष्टि न्यूज झारखंड |
उंटारी रोड में मातम ब्रेन हेमरेज से 30 वर्षीय अमर रजवार का निधन, गांव में पसरा सन्नाटा
उंटारी रोड : थाना क्षेत्र के शेखडीहा गांव में उस समय मातम छा गया, जब 30 वर्षीय अमर रजवार का शव गांव पहुंचा। गांव की गलियों में चीख-पुकार गूंज उठी और हर आंख नम हो गई।
जानकारी के अनुसार, शेखडीहा गांव निवासी अमर रजवार की तबीयत दो दिन पहले एक शादी समारोह के दौरान अचानक बिगड़ गई थी। परिजन पहले उन्हें स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए ले गए, फिर बेहतर उपचार के लिए गढ़वा सदर अस्पताल और बाद में रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज की पुष्टि की, लेकिन गुरुवार देर रात इलाज के दौरान अमर ने दम तोड़ दिया।
अमर रजवार अपने मिलनसार स्वभाव और हमेशा मुस्कुराते रहने के कारण पूरे गांव में काफी लोकप्रिय थे। ग्रामीणों के अनुसार, वे हर किसी की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते थे और उनकी मौजूदगी से माहौल खुशहाल बना रहता था।
मृतक अमर रजवार, सेवानिवृत्त रेलकर्मी स्वर्गीय नान्हकुली रजवार के पांच पुत्रों में सबसे छोटे थे। तीन वर्ष पूर्व ही उनका विवाह हुआ था। परिवार और गांव के लोगों ने कभी नहीं सोचा था कि इतनी कम उम्र में अमर सभी को छोड़कर चले जाएंगे।
अमर के असमय निधन की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देते नजर आए। शुक्रवार को कोयल नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में विधायक नरेश प्रसाद सिंह समेत आसपास के सैकड़ों लोग शामिल हुए।

