पलामू में मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना में बड़ा खुलासा 310 लाभार्थी पाए गए फर्जी प्रशासन की बड़ी कार्रवाई शुरू
सृष्टि न्यूज झारखंड:-झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना' और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ पलामू प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिले में चल रहे विशेष सत्यापन अभियान (Verification Drive) में अब तक के आंकड़ों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
पलामू जिले में चल रहे इस व्यापक जांच अभियान में अब तक कुल 2,134 ऐसे लाभुक पाए गए हैं जो या तो योजना के लिए अयोग्य हैं, मृत हो चुके हैं या फिर सत्यापन के दौरान उनका कोई पता-ठिकाना नहीं मिला। इसमें सबसे अधिक चर्चा मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना की हो रही है, जिसमें अकेले 310 लाभार्थी फर्जी पाए गए हैं।
जांच में यह बात सामने आई है कि फर्जीवाड़ा करने वालों ने सिस्टम में सेंध लगाने के लिए चालाकी भरे तरीके अपनाए। कई मामलों में एक ही बैंक खाते को कई अलग-अलग लाभार्थियों के साथ जोड़ दिया गया था। इसके अलावा, मृत व्यक्तियों के नाम पर भी पेंशन की राशि लगातार उठाई जा रही थी।
वर्तमान में जिले में लगभग 57.44 प्रतिशत सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है। यह अभियान 15 मई 2026 तक निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि फर्जी तरीके से सरकारी धन का लाभ लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अयोग्य पाए गए लोगों का नाम तुरंत सूची से हटाया जा रहा है। साथ ही, अब तक ली गई राशि की वसूली के साथ-साथ संबंधित दोषियों पर कानूनी प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।
