ऊंटारी रोड के जमडीहा गांव को मिली अंधेरे से मुक्ति, अजय गुप्ता की त्वरित पहल पर लगा नया ट्रांसफार्मर
सृष्टि न्यूज झारखंड:- ऊंटारी रोड (पलामू) प्रखंड अंतर्गत करकट्टा पंचायत के जमडीहा गांव में पिछले कुछ दिनों से अंधेरे का सामना कर रहे ग्रामीणों को आखिरकार बड़ी राहत मिल ही गई है। गांव में पिछले कई दिनों से खराब पड़ा 25 KVA का विद्युत ट्रांसफार्मर बदल दिया गया है, जिसके बाद गांव में बिजली आपूर्ति एक बार फिर से सुचारू रूप से बहाल हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरा जमडीहा गांव अंधेरे में डूबा हुआ था। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न होने से ग्रामीणों को पेयजल से लेकर दैनिक कार्यों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए गांव के सजग निवासी हृदयानंद कुमार ने स्थानीय समाजसेवी व पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी अजय कुमार गुप्ता को मामले की जानकारी दी और उनसे मदद की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को समझते हुए समाजसेवी अजय कुमार गुप्ता ने बिना कोई समय गंवाए तत्काल बिजली विभाग, पलामू के उच्च अधिकारियों से संपर्क साधा। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की परेशानी से अवगत कराया और त्वरित कार्रवाई की मांग की। अजय गुप्ता के इस प्रयास का असर यह हुआ कि विभाग ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत एक नया 25 KVA का ट्रांसफार्मर जमडीहा गांव भेज दिया, जिसे ग्रामीणों की मौजूदगी में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया।
जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। ग्रामीणों के चेहरों पर लौटी यह मुस्कान ही मेरे सामाजिक संघर्षों की असली पूंजी है।
गांव में दोबारा बिजली की रोशनी लौटते ही ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। ग्रामीणों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए समाजसेवी अजय कुमार गुप्ता और बिजली विभाग के अधिकारियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।
