उँटारी रोड के शेखड़ीहा में धूमधाम से मनाया गया मुहर्रम मेला, भाईचारे का दिया संदेश

मुहर्रम मेले में उमड़ा जनसैलाब! शेखड़ीहा में ताजिया जुलूस और गदका  प्रदर्शन रहे आकर्षण का केंद्र
सृष्टि न्यूज झारखण्ड 

संवाददाता-कुश कुमार 

उँटारी रोड (पलामू):- पलामू जिले के उँटारी रोड प्रखंड अंतर्गत लुम्बा सतबहिनी पंचायत के शेखड़ीहा गांव में मुहर्रम का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं धार्मिक आस्था के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित मुहर्रम मेले में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक पहुंचे।

मुहर्रम के अवसर पर निकाले गए ताजिया जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। युवाओं ने पारंपरिक अखाड़ा प्रदर्शन, लाठी-तलवार के करतब और अन्य पारंपरिक कलाओं का शानदार प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पूरे गांव में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। 

कार्यक्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन ,BDO और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रशासन की निगरानी में मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

मुहर्रम के अवसर पर सभी समुदायों के लोगों ने मिलकर आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सौहार्द का संदेश दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुहर्रम मेला का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में हुआ और सभी लोगों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

ग्रामीणों का कहना है कि मुहर्रम केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी विश्वास की भावना और अधिक मजबूत होती है।

और नया पुराने