लुम्बा सतबहिनी गांव में रेलवे सुरक्षा जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को स्टोन पेल्टिंग व सुरक्षा नियमों की दी जानकारी
सृष्टि न्यूज झारखण्ड:- पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के अंतर्गत डीडीयू मंडल के जपला पोस्ट द्वारा मंगलवार को रेलवे सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान मोहम्मदगंज एवं सतबहिनी रेलवे स्टेशन के बीच स्थित लुम्बा सतबहिनी गांव में आयोजित किया गया।
उच्चाधिकारियों के निर्देश एवं प्रभारी निरीक्षक जपला के आदेशानुसार उप निरीक्षक रामनरेश राम तथा आरपीएफ/रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों ने ग्रामीणों को रेलवे सुरक्षा संबंधी नियमों की विस्तार से जानकारी दी।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकना (स्टोन पेल्टिंग) एक गंभीर अपराध है। इससे यात्रियों की जान-माल को खतरा होने के साथ रेलवे संपत्ति को भी नुकसान पहुंचता है।
इसके अलावा लोगों को रेलवे ट्रैक पार करते समय पूरी सावधानी बरतने तथा केवल फुट ओवरब्रिज, पुल या अधिकृत मार्ग का ही उपयोग करने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने बिना टिकट यात्रा नहीं करने, महिला एवं दिव्यांग कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा नहीं करने, स्टेशन परिसर और ट्रेनों में धूम्रपान से बचने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए कूड़ेदान का उपयोग करने की अपील की।
ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि गैस सिलेंडर, स्टोव, पटाखे या अन्य ज्वलनशील पदार्थ लेकर ट्रेन में यात्रा करना कानूनन अपराध है। साथ ही चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति भी लोगों को सचेत किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य दुर्घटनाओं को रोकना, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा रेलवे संपत्ति की रक्षा करना है। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने भी सुरक्षा नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया।
