ऊंटारी रोड ब्लॉक में भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं पर आर-पार जिला प्रत्याशी अजय गुप्ता ने DC को सौंपा ज्ञापन, क्या इस बार होगी कार्रवाई
सृष्टि न्यूज झारखंड:-पलामू जिले के ऊंटारी रोड प्रखंड में भ्रष्टाचार और बुनियादी जनसमस्याओं को लेकर सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। क्षेत्र के युवा नेता और जिला परिषद प्रत्याशी अजय कुमार गुप्ता पिछले कई महीनों से ग्रामीणों की आवाज बनकर ब्लॉक में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। इसी कड़ी में उन्होंने एक बार फिर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए उपायुक्त (DC) पलामू को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
अजय कुमार गुप्ता का आरोप है कि ऊंटारी रोड ब्लॉक में फैले भ्रष्टाचार और ग्रामीण मुद्दों को लेकर वे पहले भी कई बार उपायुक्त को लिखित आवेदन दे चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक सुस्ती के कारण अभी तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बार-बार मिल रहे आश्वासनों से अब ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे रहा है।
इस बार ज्ञापन सौंपने के दौरान अजय गुप्ता ने ऊपरी पहाड़ गवरलेटवा क्षेत्र के अत्यंत पिछड़े परहिया समाज की बदहाली और बुनियादी सुविधाओं की घोर कमी को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने उपायुक्त को अवगत कराया कि इस क्षेत्र में आज भी लोग शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं। सड़क और कनेक्टिविटी की स्थिति बदहाल है।बच्चों के लिए शिक्षा और अन्य आवश्यक सरकारी योजनाएं से दूर बनी हुई हैं।
इन गंभीर समस्याओं को सुनने के बाद पलामू उपायुक्त ने इस बार भी शीघ्र समाधान करने का भरोसा दिया है। ज्ञापन सौंपने के इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रिंकू सिंह भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
ऊंटारी रोड प्रखंड में कथित भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष अब निर्णायक मोड़ पर है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि क्या उपायुक्त (DC) महोदय हर बार की तरह केवल आश्वासन देकर मामला शांत करा देंगे, या फिर इस बार पलामू जिला प्रशासन कोई सटीक और सख्त जमीनी कार्रवाई करेगा क्षेत्र की जनता की निगाहें अब प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
युवा नेता अजय कुमार गुप्ता ने अपने क्षेत्र की जनता के अधिकारों और विकास के लिए मेरा संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। जब तक इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो जाता और भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगती, मैं लगातार आवाज उठाता रहूंगा।अजय कुमार गुप्ता (जिला परिषद प्रत्याशी)
