![]() |
| सृष्टि न्यूज झारखंड |
सतबहिनी में श्मशान शेड निर्माण योजना का हुआ शिलान्यास
उँटारी रोड प्रखंड क्षेत्र के ग्राम सतबहिनी की बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी होती नजर आ रही है। जिला परिषद सदस्य अरविंद सिंह ने अपने मद से कोयल नदी किनारे श्मशान शेड निर्माण योजना को स्वीकृति दिलाई, जिसका विधिवत शिलान्यास किया गया।
शिलान्यास कार्यक्रम में झारखंड आंदोलनकारी नेता महेंद्र नाथ शर्मा, मुखिया प्रतिनिधि सुनील शर्मा तथा जिला परिषद सदस्य अरविंद सिंह उपस्थित रहे। सभी ने नारियल फोड़कर एवं फूल-अगरबत्ती अर्पित कर योजना का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान मुखिया प्रतिनिधि सुनील शर्मा की सक्रिय भूमिका और सहयोग की ग्रामीणों ने सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से श्मशान शेड निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे अब स्वीकृति मिलने से लोगों में खुशी है।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की एक गंभीर समस्या भी सामने आई। झारखंड आंदोलनकारी नेता महेंद्र नाथ शर्मा ने सुपहा आहार पर टूटे बांध और बरसात के दिनों में बाधित आवागमन का मुद्दा उठाते हुए जिला परिषद सदस्य अरविंद सिंह से वैकल्पिक व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
![]() |
| पहले की तस्वीर |
बताया गया कि पिछले वर्ष हुई तेज बारिश के कारण सुपहा आहार पर बना पुल बह गया था। पुल टूटने से भदुमा, शेखडीहा और लुम्बा गांव के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही स्तरोन्नत उच्च विद्यालय सतबहिनी में पढ़ने वाले करीब 400 विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी संकट मंडरा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही बच्चों का विद्यालय जाना लगभग बंद हो जाएगा। इस संबंध में जिला प्रशासन, प्रखंड प्रशासन, जिला परिषद, विधायक और सांसद को पूर्व में जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
महेंद्र नाथ शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बरसात से पहले वैकल्पिक व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो बच्चों के भविष्य और ग्रामीणों की सुविधा को लेकर उँटारी रोड प्रखंड मुख्यालय पर जल्द ही अनशन किया जाएगा।
अब क्षेत्र के लोगों की नजर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी है कि आखिर इस गंभीर समस्या का समाधान कब तक किया जाता है।

.jpeg)



