रेलवे सुरक्षा बल का ऑपरेशन सतर्क सफल, गरीब रथ एक्सप्रेस से बड़ी मात्रा में शराब जब्त

 जपला रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 148 लीटर झारखंड निर्मित देसी शराब बरामद


नंदन कुमार / सृष्टि न्यूज झारखंड 

ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट जपला ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 148 लीटर झारखंड निर्मित देसी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल अनुमानित कीमत 29,025 रुपये बताई गई है।

रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट जपला के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, डीडीयू के दिशा-निर्देशन में उप निरीक्षक रामनरेश राम के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक उमाकांत राम, प्रधान आरक्षी शैलेंद्र कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षी राजनाथ तथा आरक्षी मनोज द्वारा गश्त एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान 1 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 12877 अप रांची–आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस के जपला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंचने पर कोच संख्या G-6 (SE-212510) के गेट के पास 5 लावारिस प्लास्टिक के बोरे संदिग्ध अवस्था में मिले। काफी पूछताछ के बावजूद किसी भी यात्री ने उन पर अपना दावा नहीं किया।

बोरों को ट्रेन से नीचे उतारकर गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 645 प्लास्टिक बोतलों में भरी झारखंड निर्मित देसी शराब बरामद हुई, जिसमें कैप्टन ब्रांड की 38 लीटर, तनाका ब्रांड की 57 लीटर तथा रॉयल झारखंड ब्रांड की 53 लीटर शराब शामिल थी। कुल मिलाकर 148 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 29,025 रुपये आंकी गई है।

बरामद शराब को मौके पर जब्ती सूची तैयार कर विधिवत जब्त किया गया। इसके बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए इसे उत्पाद विभाग, डाल्टनगंज (पलामू) को सुपुर्द कर दिया गया है।रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा शराब की तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और नया पुराने