![]() |
| नंदन कुमार -सृष्टि न्यूज झारखण्ड |
उंटारी रोड-देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर उंटारी रोड प्रखंड के सतबहिनी ग्राम निवासी एवं झारखण्ड आंदोलनकारी महेंद्रनाथ शर्मा को अंचल कार्यालय उंटारी रोड में सम्मानित किया गया। अंचलाधिकारी बासुदेव राय, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रवण कुमार भगत एवं प्रमुख अलका कुमारी ने संयुक्त रूप से उन्हें अंगवस्त्र, शॉल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया।
ज्ञात हो कि श्री महेंद्रनाथ शर्मा को पलामू में कंडिका 2 (1x) के तहत प्रथम स्थान पर चिह्नित किया गया है। उन्होंने झारखण्ड को अलग राज्य बनाने के आंदोलन में एकीकृत विश्रामपुर प्रखंड सहित पलामू एवं लातेहार जिले में आंदोलन का नेतृत्व किया था।
महेंद्रनाथ शर्मा पलामू जिला झामुमो के जिला सचिव के पद पर करीब 14 वर्षों तक कार्य कर चुके हैं। झारखण्ड आंदोलनकारियों की पहचान को लेकर केंद्र स्तर पर गठित उपसमिति में चौथे स्थान पर सदस्य के रूप में भी उन्होंने भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने पलामू प्रमंडल के आंदोलनकारियों को उचित पहचान और सम्मान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किया।
बताया जाता है कि श्री शर्मा पलामू प्रमंडल में शिबू सोरेन के विश्वसनीय सहयोगियों में रहे हैं। झारखण्ड आंदोलन में उनके योगदान को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किया गया यह सम्मान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

