सुपहा आहर पर नए पुल की मांग, के.एन. त्रिपाठी ने ग्रामीणों को दिया भरोसा

सुपहा आहर पर नए पुल की मांग, के.एन. त्रिपाठी ने ग्रामीणों को दिया भरोसा, कहा- दिल्ली तक उठाएंगे आवाज



नंदन कुमार / सृष्टि न्यूज झारखण्ड  

सृष्टि न्यूज झारखण्ड:- पलामू लुम्बा सतबहिनी पंचायत अंतर्गत शेखडीहा गांव के ग्रामीणों ने सुपहा आहर पर नए पुल के निर्माण की मांग को लेकर पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता के.एन. त्रिपाठी से मुलाकात की। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष हुई तेज बारिश के दौरान सुपहा आहर पर बना पुल टूट गया था। पुल टूटने के बाद से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद के.एन. त्रिपाठी ने भरोसा दिलाया कि पुल निर्माण के मुद्दे को लेकर वे हरसंभव प्रयास करेंगे और जरूरत पड़ी तो दिल्ली तक इस समस्या की आवाज उठाएंगे।

ग्रामीणों के अनुसार बरसात के दिनों में पुल के टूट जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। शेखडीहा, लुम्बा और भदुमा गांव के स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में काफी परेशानी होती है। वहीं, रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को लंबा और जोखिम भरा रास्ता तय करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव राहनबीघा से कोयल नदी तक शव ले जाने में भी पुल के टूटने के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आपात स्थिति में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सुपहा आहर पर बना पुल शेखडीहा सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग था। पुल टूटने के बाद आम लोगों का जनजीवन प्रभावित है और रोजमर्रा की गतिविधियों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सुपहा आहर पर नए पुल का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।

और नया पुराने