लुम्बा सतबहिनी पंचायत के शेखडीहा में सुपहा आहर पर पुल निर्माण की मांग,डीसी महोदया को सौंपा ज्ञापन

 लुम्बा सतबहिनी पंचायत में पुल निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की अपील

सृष्टि न्यूज झारखण्ड 

पलामू:- लुम्बा सतबहिनी पंचायत अंतर्गत शेखडीहा गांव के ग्रामीणों ने सुपहा आहर पर नए पुल के निर्माण की मांग को लेकर उपायुक्त (डीसी) महोदया को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष हुई तेज बारिश के दौरान सुपहा आहर पर बना पुल टूट गया था। तब से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार पुल टूट जाने से बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। शेखडीहा ,लुम्बा और भदुमा के  स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी होती है, वहीं रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए भी लोगों को लंबा और जोखिम भरा रास्ता तय करना पड़ता है। गाँव राहनबीघा से कोयल नदी मे शव को ले जाने मे काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है 


ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल शेखडीहा सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। पुल के अभाव में आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियां बाधित हो रही हैं।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने डीसी महोदया से सुपहा आहर पर जल्द से जल्द नए पुल का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पुल बनने से बच्चों की शिक्षा, रेलवे स्टेशन तक आवागमन तथा ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही सुगम होगी। इससे पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और हजारों लोगों को राहत मिलेगी।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन जनहित को ध्यान में रखते हुए पुल निर्माण की स्वीकृति देगा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि उनकी वर्षों पुरानी मांग पूरी होती है तो क्षेत्र की जनता जिला प्रशासन की सदैव आभारी रहेगी।

और नया पुराने