पलामू में पुलिस-अपराधी मुठभेड़ कुख्यात सुमित चंद्रवंशी के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
नंदन कुमार / सृष्टि न्यूज झारखण्ड
सृष्टि न्यूज झारखण्ड:- पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र के बजराहा इलाके में गुरुवार अहले सुबह पुलिस और कुख्यात अपराधी सुमित चंद्रवंशी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुमित चंद्रवंशी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले टाउन थाना क्षेत्र स्थित कोयल नदी के पास हुई फायरिंग की घटना में तीन लोग घायल हुए थे। इस मामले में सुमित चंद्रवंशी मुख्य आरोपी था। उसकी गिरफ्तारी के लिए मेदिनीनगर टाउन थाना पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।
गुरुवार सुबह पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के बजराहा इलाके से सुमित को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिसकर्मियों का हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो सुमित के पैर में लगी।
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि आरोपी हथियार छीनकर भाग रहा था और पुलिस टीम पर फायरिंग कर रहा था। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। फिलहाल आरोपी का इलाज चल रहा है और पूरे इलाके में अन्य संदिग्ध अपराधियों की तलाश में सर्च अभियान जारी है।
पुलिस के मुताबिक, सुमित चंद्रवंशी मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र का निवासी है और उसका संबंध एक आपराधिक गिरोह से बताया जा रहा है। कोयल नदी फायरिंग कांड के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी पलामू पुलिस की अपराधियों से हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी फैज खान के पैर में गोली लगी थी। पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
