अंधविश्वास का खौफनाक अंजाम पलामू में चाचा ने भतीजे की टांगी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
सृष्टि न्यूज झारखंड:- पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र से अंधविश्वास की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लकड़ही टोला में एक व्यक्ति ने अंधविश्वास के चलते अपने ही भतीजे की टांगी से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, उंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ही टोला निवासी प्रभु रजवार की बेटी लंबे समय से बीमार थी, जिसकी कुछ दिनों पहले मौत हो गई थी। प्रभु रजवार को अंधविश्वास था कि उसकी बेटी की मौत के पीछे उसके भतीजे की पत्नी और छोटे भाई की पत्नी का हाथ है। इसी शक के कारण वह लगातार झाड़-फूंक और टोना-टोटका का सहारा ले रहा था।
बुधवार देर रात इसी बात को लेकर प्रभु रजवार और उसके भतीजे चनका रजवार के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि प्रभु रजवार ने घर में रखी टांगी उठाकर भतीजे पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चनका रजवार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष कुमार गिरि के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी प्रभु रजवार को गिरफ्तार कर लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी संतोष कुमार गिरि ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है, जिसमें बेबुनियाद शक और अंधविश्वास ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया।
